Maharajganj

निचलौल नहर में कूदी महिला की दो छात्रों ने बचाई जान, SP महराजगंज ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- निचलौल थाना क्षेत्र के सात पांच नहर पुल के पास उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब नहर में छलांग लगाने वाली 30 वर्षीय महिला को दो स्कूली छात्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छात्रों के इस अदम्य साहस और मानवीय संवेदना की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

तेज बहाव में बिना सोचे कूद पड़े छात्र

मिली जानकारी के मुताबिक, जहदा गांव की रहने वाली महिला ने अचानक सात पांच नहर पुल से छलांग लगा दी। उसी दौरान वहां से गुजर रहे मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता (निवासी सेखुई, थाना चौक) और सद्दाम हुसैन (निवासी कोहडवल, थाना निचलौल) की नजर डूबती महिला पर पड़ी। बिना पल गंवाए दोनों छात्र तेज बहाव वाली नहर में कूद पड़े और काफी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।

SP ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया सम्मानित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों बहादुर छात्रों को SP कार्यालय में आमंत्रित किया। उन्होंने कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। SP ने कहा कि इन छात्रों का यह साहसिक कार्य पूरे समाज के लिए निस्वार्थ मदद की एक बेहतरीन प्रेरणा है।

विद्यालय में भी सम्मानित होंगे दोनों वीर

छात्रों की इस वीरता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने घोषणा की है कि विद्यालय की प्रार्थना सभा (असेंबली) में दोनों छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : चौकी में जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद एसपी ने 6 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित