चूल्हे की चिनगारी ने उजाड़ दी शादी की खुशियां, झोपड़ी समेत सामान जलकर राख
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गिरहिया बड़का शीतलापुर में रविवार सुबह चूल्हे की चिनगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कपड़े, चारपाई, तीन साइकिल, चारा मशीन, खाद्य सामग्री समेत बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखा गया सामान जलकर राख हो गया। बताया गया कि गांव निवासी नंदकिशोर गौड़ की बेटी रूबी रविवार सुबह करीब पांच बजे लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिनगारी झोपड़ी में जा गिरी और आग भड़क उठी। झोपड़ी से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी और उसमें रखा अधिकांश सामान जल चुका था। नंदकिशोर पिछले सात महीने से लुधियाना में रह रहा है। परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें बेटा राजन और बेटी बीमा दिव्यांग हैं। दूसरे नंबर की बेटी रूबी की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र के पंडित बरवा गांव में तय हुई है। नौ दिसंबर को उसकी शादी होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन आग की घटना ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल अनिल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें : सिसवा बाजार में अमृत सरोवर परियोजना में अनियमितता पर कड़ा एक्शन, तीन के निलंबन की संस्तुति