पोखरी की जमीन पर चला बुलडोजर, धारा 67 के तहत अवैध निर्माण ध्वस्त; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन कराई गई कब्जामुक्त
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में सार्वजनिक और सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में फरेंदा तहसील क्षेत्र के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित सेमरा महाराजा गांव में प्रशासन ने पोखरी की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। राजस्व अभिलेखों में आराजी संख्या 554, रकबा 0.049 हेक्टेयर जमीन पोखरी के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण कर पक्के मकानों का निर्माण करा लिया था। मामले में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 4 जून को बेदखली का आदेश पारित किया गया था। आदेश के अनुपालन में मंगलवार को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से पोखरी की जमीन पर किए गए पक्के निर्माण को ध्वस्त कराया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारकों की ओर से विरोध भी किया गया। हालांकि, मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई। एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि बेदखली का आदेश पारित होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सार्वजनिक और सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : आग की चपेट में आई पशुओं की घारी, दो गायों की मौत; चार ट्रॉली भूसा जलकर राख