Maharajganj

स्कूलों के बाहर महराजगंज पुलिस का महाअभियान, 30 बाइक सीज

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- स्कूली छात्रों की सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने मंगलवार को जिलेभर में बड़ा अभियान चलाया। नगर के विभिन्न स्कूलों के बाहर पुलिस टीमों ने एक साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली छात्रों के वाहनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जिलेभर में 30 बाइक सीज की गईं। पुलिस की अचानक कार्रवाई से स्कूलों के बाहर हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान बाइक सवार छात्रों के हेलमेट, वाहन के कागजात और अन्य यातायात नियमों की जांच की गई। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया। इन वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया। महराजगंज नगर के कई स्कूलों के बाहर पुलिस की टीमें तैनात रहीं। पुलिस का कहना है कि स्कूली छात्रों द्वारा बिना हेलमेट, तेज रफ्तार और अन्य नियमों की अनदेखी कर बाइक चलाने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए अभियान चलाया गया। सीओ सदर अंकुर कुमार ने बताया कि स्कूली छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को बाइक न दें और बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।

यह भी पढ़ें : आग की चपेट में आई पशुओं की घारी, दो गायों की मौत; चार ट्रॉली भूसा जलकर राख