दर्दनाक: पैर फिसलने से मां समेत दो बच्चों की मौत, पकड़ी जंगल में मचा हड़कंप
पनियरा डींगुरी से ससुराल जा रही थी पूनम, जंगल के रास्ते पानी में डूबने से तीनों की गई जान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पकड़ी जंगल में बुधवार को दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। जंगल के रास्ते से अपने दो बच्चों के साथ ससुराल जा रही महिला और उसके दोनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, पनियरा डींगुरी निवासी पूनम पत्नी मोहित अपने दो बच्चों के साथ ससुराल जाने के लिए जंगल के रास्ते से गुजर रही थीं। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से पूनम पानी में गिर गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में दोनों बच्चे भी पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए। हादसे में 45 वर्षीय पूनम, उनके 7 वर्षीय बेटे विपिन और 5 वर्षीय बेटी सुहानी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सदर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है। एक साथ मां और दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, परतावल में दर्दनाक हादसा