Maharajganj

ब्लैक फिल्म और टिंटेड ग्लास पर महराजगंज पुलिस की सख्ती, 84 वाहनों के चालान, 3 सीज

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने गुरुवार को जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में चले अभियान के दौरान विशेष रूप से वाहनों में लगी नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और टिंटेड ग्लास की जांच की गई। समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म, अत्यधिक गहरी टिंटेड फिल्म और ऐसी अपारदर्शी परत की जांच की गई, जिससे वाहन के अंदर की दृश्यता प्रभावित हो रही थी। अभियान के दौरान नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और टिंटेड ग्लास लगे 84 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 3 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने कई वाहनों से नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म और टिंटेड ग्लास हटवाते हुए संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए अपील की कि वाहनों के शीशों पर ऐसी काली या अत्यधिक गहरी फिल्म न लगाएं, जिससे चालक की दृश्यता प्रभावित हो या वाहन के अंदर की स्थिति स्पष्ट दिखाई न दे। महराजगंज पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : कोतवाली से सोनौली तक बदली कमान, महराजगंज में 29 पुलिस अधिकारियों का फेरबदल