महराजगंज: बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे एडीएम व एसडीएम, पीड़ितों से संवाद कर राहत कार्यों का लिया जायजा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ प्रशांत कुमार व एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने तहसील निचलौल के अत्यधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों—सोहगीबरवा, शिकारपुर, भोटहवा एवं गढ़वा का स्थलीय निरीक्षण किया। एडीएम ने खुद ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं, भोजन, पेयजल व सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने इंसिडेंट कमांडर के रूप में मौके पर कमान संभालते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत व बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, नौका आवागमन और सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही, पारदर्शी तरीके से क्षति का सत्यापन कर पात्र परिवारों को शासन द्वारा दी जाने वाली राहत राशि व आर्थिक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के सख्त आदेश दिए।
प्रशासन की अपील:
जिला प्रशासन ने आमजन से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों और तेज बहाव के पास न जाने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को जलस्रोतों से दूर रखने, बिजली के खंभों व जलमग्न उपकरणों से सावधान रहने तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करने का आग्रह किया गया है। आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें : बाढ़ का जायजा लेने ट्रैक्टर-ट्रॉली से ग्राउंड जीरो पहुंचे एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, सोहगीबरवा में राहत कार्य तेज