संचारी रोग अभियान में लापरवाही बरतने पर दो सफाईकर्मी निलंबित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने में लापरवाही बरतने और ड्यूटी से बिना सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में पंचायती राज विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा ने घुघली ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहिरौली में तैनात सफाई कर्मी रीता देवी और नौतनवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत जिगिना में तैनात सफाई कर्मी मनोज कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में विभागीय जांच भी सौंपी गई है।
अहिरौली में कई दिनों से अनुपस्थित थीं रीता देवी
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) घुघली की रिपोर्ट के अनुसार, अहिरौली में तैनात सफाई कर्मी रीता देवी 4 अक्टूबर 2026 से बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित थीं। उन पर नियमित साफ-सफाई नहीं करने और शासनादेश के विपरीत कार्य करने के आरोप भी लगाए गए हैं। डीपीआरओ ने उन्हें निलंबित कर घुघली ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। मामले की जांच एडीओ पंचायत सिसवा को सौंपी गई है।
जिगिना में स्कूल के शौचालयों की सफाई नहीं होने की शिकायत
वहीं, 12 अक्टूबर को नौतनवा के एडीओ पंचायत ने ग्राम पंचायत जिगिना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई कर्मी मनोज कुमार चौधरी अनुपस्थित मिले। ग्रामीणों और प्राथमिक विद्यालय जिगिना खास के प्रधानाध्यापक ने शिकायत की कि करीब एक महीने से गांव और विद्यालय के शौचालयों की सफाई नहीं हुई है। फोन करने पर भी सफाई कर्मी के जवाब नहीं देने की बात कही गई। रिपोर्ट के आधार पर डीपीआरओ ने मनोज कुमार चौधरी को निलंबित कर एडीओ पंचायत लक्ष्मीपुर कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इस मामले की जांच भी एडीओ पंचायत लक्ष्मीपुर को सौंपी गई है।डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान साफ-सफाई में लापरवाही और निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वाले कर्मचारियों के प्रति विभाग गंभीर है। गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। लापरवाही की शिकायतों और निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और जिम्मेदारियों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें : रक्षक ही बना भक्षक: धरमौली पंचायत भवन से सरकारी सामान गायब, पंचायत सहायक पर FIR दर्ज