Maharajganj

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, प्रशिक्षण में 1617 प्रगणक और सुपरवाइजर रहे उपस्थित

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना को त्रुटिरहित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जनपद के कुल 15 चार्ज (चार तहसील और 11 नगर निकाय) में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नगर पंचायत निचलौल में आयोजित प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने तथा जनगणना का कार्य पूरी शुद्धता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में एसडीएम निचलौल ने नगर पंचायत निचलौल और एसडीएम महराजगंज जितेन्द्र कुमार ने नगर पालिका परिषद महराजगंज में प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। वहीं, जिला जनगणना प्रभारी अम्बिका मौर्य ने नगर पालिका परिषद नौतनवा और नगर पंचायत सोनौली में प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं देखीं। जनपद में कुल 1753 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाना निर्धारित है। 24 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण में 1617 कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि 136 अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों को संबंधित चार्ज अधिकारियों की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष मौका, 17 व 24 अक्तूबर को सभी बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप