शक्ति स्वरूपा नारी सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाएं सम्मानित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ, महराजगंज के तत्वावधान में बीआरसी महराजगंज के प्रांगण में शक्ति स्वरूपा नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने, नवाचार के माध्यम से शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने और अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में उप जिलाधिकारी सृष्टि चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शुभ लक्ष्मी सिंह तथा प्रेमलाल सिंघानिया कन्या इंटर कॉलेज, सिसवा की प्रधानाचार्या शशिकला सिंह उपस्थित रहीं। विभिन्न ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारियों के करकमलों द्वारा चयनित शिक्षिकाओं को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न ब्लॉकों में अपनी अलग पहचान बना रहीं शिक्षिकाओं ने अपने अनुभव, विचार और नवाचारों को साझा किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के सर्वांगीण विकास में महिला शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के दम पर नई मिसाल कायम कर रही हैं। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षिकाओं का उत्साह बढ़ाने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अनामिका, अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय दमकाटोला, परतावल ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं की सहभागिता रही।
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक बृजमनगंज ने मृतक बीमित के परिजन को सौंपा 2 लाख का चेक