बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 35 वाहन सीज 30 के चालान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार देर शाम शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले युवकों समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अचानक चले अभियान से बाइक सवारों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर दोपहिया वाहनों की सघन जांच की। बिना हेलमेट, कागजात और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर पूछताछ की गई। अभियान के दौरान कुल 30 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 35 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बाइक सवारों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए जागरूक भी किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। एसपी ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक बृजमनगंज ने मृतक बीमित के परिजन को सौंपा 2 लाख का चेक