Maharajganj

नाबालिगों के हाथ में बाइक-स्कूटी मिली तो होगी कार्रवाई, 181 वाहन सीज

 

विद्यालयों के आसपास महराजगंज पुलिस का विशेष अभियान, 2,458 वाहनों की जांच और 790 के चालान

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महराजगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यातायात माह नवंबर के तहत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों के आसपास सघन चेकिंग की गई। इस दौरान नाबालिगों के वाहन चलाते पकड़े जाने पर 181 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 790 वाहनों का चालान किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 2,458 वाहनों की जांच की गई। विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की स्कूटी और मोटरसाइकिलों की जांच की गई। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि वाहन चालक निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस की पात्रता पूरी करते हों। कार्रवाई के साथ पुलिस ने अभिभावकों को भी जागरूक किया। नाबालिग बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें समझाया गया कि निर्धारित उम्र और लाइसेंस की पात्रता पूरी होने से पहले बच्चों को बाइक या स्कूटी चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने कहा कि अभिभावकों की थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की जान जोखिम में डाल सकती है। एसपी ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और यातायात नियमों का पालन कराने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : 70.40 लाख के भुगतान में अनियमितता, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित