Maharajganj

पटाखों के विवाद ने थाने में मचाया घमासान! हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, सुसाइड नोट में थाना प्रभारी समेत सात पर आरोप

 

दीपावली की रात पटाखों को लेकर हुए विवाद ने पकड़ा तूल, व्हाट्सएप स्टेटस देखकर साथी पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के निचलौल थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह के जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। दीपावली की रात हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जहरीला पदार्थ खाने से पहले हेड मुहर्रिर ने एक सुसाइड नोट लिखकर उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। इसमें उन्होंने थाना प्रभारी, एक जनप्रतिनिधि समेत सात लोगों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।बताया जा रहा है कि थाने में पटाखों को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच दीपावली की रात हेड मुहर्रिर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के अनुसार, प्रताड़ना में एक जनप्रतिनिधि और पांच पुलिसकर्मियों समेत कुल सात लोग शामिल हैं। व्हाट्सएप स्टेटस पर सुसाइड नोट देखकर साथी पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें महराजगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, निचलौल थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि विशाल सिंह ने पटाखों को लेकर विवाद किया था और इसी मामले से बचने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है।फिलहाल हेड मुहर्रिर के आरोपों और थाना प्रभारी के बयान के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस महकमे में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें : बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 35 वाहन सीज 30 के चालान