Maharajganj

आईजीआरएस की समीक्षा बैठक से नदारद 17 अधिकारियों का डीएम ने रोका वेतन

 

50 प्रतिशत से कम प्रगति और बैठक में अनुपस्थिति पर डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने की कार्रवाई, विभागों में मचा हड़कंप

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन और समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सख्त कार्रवाई की है। आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान 50 प्रतिशत से कम प्रगति पाए जाने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर विभिन्न विभागों के 17 अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है। कार्रवाई की जद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), अधिशासी अभियंता नलकूप, जिला गन्ना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), खंड विकास अधिकारी परतावल, खंड शिक्षा अधिकारी परतावल, निचलौल और मिठौरा, अधिशासी अधिकारी नौतनवा और सोनौली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत (एडीओ पंचायत) नौतनवा और महराजगंज, पशु चिकित्सा अधिकारी निचलौल, चकबंदी अधिकारी नौतनवा, अधिशासी अभियंता सिंचाई तथा अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह एवं अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : महराजगंज के नए डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने संभाला कार्यभार, विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर होंगी नई चुनौतियां