परमाउंट एकेडमी में धूमधाम से मना दीपोत्सव, रंगोली और दीया मेकिंग में दिखी बच्चों की प्रतिभा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- दीपावली के पावन पर्व पर दि परमाउंट एकेडमी महराजगंज में हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर रंगोली, दीया मेकिंग और तोरण निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इनमें धार्मिक प्रतीकों के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक संदेश भी उकेरे गए। वहीं, बच्चों ने मिट्टी के दीयों को रंगों, मोतियों और शीशों से सजाकर आकर्षक रूप दिया। ऊन, गत्ते, फूलों और पत्तियों से तैयार किए गए तोरण भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की प्रतिभा की शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पटाखा रहित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संकल्प लिया।
