खेत में अर्धजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका से सहमा इलाका
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, वहीं पुलिस ने जांच तेज कर दी है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सेमरा चन्द्रौली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव खेत में पड़ा मिला। शव बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित एक खेत में दिखाई दिया, जिसे देखने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम और एडिशनल एसपी सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। शव बुरी तरह जला हुआ था, जिससे उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाकर जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह जला हुआ है, जिससे पहचान नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : पंजाब की डांसर ने प्रेम में बेवफाई पर आर्केस्ट्रा संचालक के बेटे के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा