अपराध

अवैध खनन पर महराजगंज में बड़ा एक्शन: 71 वाहन सीज, जेसीबी-डम्पर समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों में कुल 71 वाहनों को सीज कर दिया। इस अभियान में 45 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 12 लोडर, 4 जेसीबी मशीन, 7 डम्पर, 1 ट्रक, 1 पिकअप और 1 दोपहिया वाहन शामिल हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नदी तटों, निर्माणाधीन स्थलों और खनन प्रभावित इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन तथा उनके परिवहन में लगे वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों और मालिकों से खनन अनुमति और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 26 मई को 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी और 2 डम्पर पर कार्रवाई की गई थी। वहीं 27 मई को 32 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 5 लोडर, 2 जेसीबी, 5 डम्पर, 1 ट्रक, 1 पिकअप और 1 दोपहिया वाहन सीज किए गए। अभियान के दौरान कई संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और अवैध खनन में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व की क्षति होती है और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : सर्राफा व्यापारी पर हमला, लाखों के जेवर और बाइक लूटकर फरार हुए बदमाश