Bike thief :अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, नेपाल बेचने की फिराक में थे बाइक
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवां पुलिस ने वाहन चोरी के एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न जनपदों से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की बाइकों को नेपाल में बेचने की फिराक में थे। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार रात परतावल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय अपनी टीम के साथ छतीराम पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ महदेवा से परतावल की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने खालिद मिल्ली स्कूल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनय श्रीवास्तव निवासी सेमरा चंदौली, सूरज विश्वकर्मा निवासी पकड़ी दीक्षित और रामसन यादव निवासी सेमरा चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एचएफ डीलक्स समेत तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोंडा, गोरखपुर और महराजगंज समेत विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचते थे। चोरी के वाहनों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार सूरज विश्वकर्मा गिरोह का सरगना है, जबकि अन्य दोनों उसके सहयोगी हैं। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में नौतनवा, गोंडा और गोरखपुर में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें : फर्जी अधिकारी बनकर 63 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को बनाता था शिकार