अपराध

दोस्तों की पार्टी में पिस्टल से चली गोली, युवक की मौत; पुलिस ने साथियों को हिरासत में लिया

 

समरधीरा चौराहे पर अंडे की दुकान में चार दोस्त कर रहे थे पार्टी

पिस्टल से लापरवाही के दौरान हुआ आकस्मिक फायर

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहे पर गुरुवार रात दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे 20 वर्षीय जीशान हाशमी को पिस्टल से चली गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के समय मौके पर मौजूद उसके दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना 17 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे की है। जीशान अपने तीन दोस्तों के साथ समरधीरा चौराहे पर स्थित अंडे की दुकान पर बैठा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीशान के पास एक अवैध पिस्टल और कारतूस मौजूद थे। चारों दोस्त पिस्टल और कारतूस को हाथ में लेकर देख रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद पिस्टल दूसरे युवक के हाथ में पहुंची। उसके द्वारा ट्रिगर दबाने पर अचानक फायर हो गया। गोली सामने बैठे जीशान के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजन घायल जीशान को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना दोस्तों के बीच पिस्टल के साथ लापरवाहीपूर्वक किए गए प्रयोग के दौरान हुए आकस्मिक फायर का मामला सामने आया है। शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। नामजद आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें : जोगिया गांव में महाविद्यालय मार्ग पर नशे की हालत में मिली किशोरी, बोलेरो की चर्चा से फैली सनसनी