अपराध

महराजगंज ब्रेकिंग: शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश में सोनौली बॉर्डर पहुंची लखनऊ क्राइम ब्रांच

 

भारत-नेपाल सीमा के पगडंडी रास्तों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है। इसी क्रम में लखनऊ क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम महराजगंज के सोनौली बॉर्डर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से भारत-नेपाल सीमा से सटे भगवानपुर कस्बे और आसपास के इलाकों में जांच शुरू की है। सीमावर्ती क्षेत्र में आरोपित की संभावित गतिविधियों और आवागमन से जुड़े सुराग जुटाने के लिए टीम विभिन्न रास्तों की पड़ताल कर रही है। खासतौर पर सीमा के आसपास मौजूद पगडंडी मार्गों और स्थानीय दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच टीम फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्रद्धा दुबे की संभावित आवाजाही से संबंधित कोई अहम जानकारी मिल सकती है या नहीं। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस की मदद से क्षेत्र में उपलब्ध अन्य जानकारियों को भी जुटाया जा रहा है। भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सोनौली और भगवानपुर क्षेत्र में जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीमें सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। फिलहाल, जांच के दौरान किसी ठोस सुराग या आरोपित की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की पड़ताल जारी है।

यह भी पढ़ें : अधिकारियों के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप, वरिष्ठ सहायक पर मुकदमा