महाराजगंज में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, दूसरे दिन भी बांधी काली पट्टी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ और महिला शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 23 फरवरी से 25 फरवरी तक शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों एवं कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। वहीं 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया गया है। आंदोलन का नेतृत्व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह, जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र, जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. त्रिभुवन नारायण गोपाल, जिलामंत्री उपेंद्र पांडेय तथा महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी कर रहे हैं। शिक्षकों की मुख्य मांग है कि वर्ष 2010 या उससे पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त की जाए। प्रतिनिधियों का कहना है कि आरटीई एक्ट लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों की सेवा पर संकट उत्पन्न हो गया है, जिससे जनपद के लगभग एक हजार शिक्षक प्रभावित हो सकते हैं। शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई अधिकार और सम्मान की है। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच दी पैरामाउंट अकादमी में क्रिसमस सेलिब्रेशन