Education

बागापार द्वितीय प्राथमिक विद्यालय में मेधावी छात्र सम्मान समारोह व वार्षिकोत्सव संपन्न, विधायक ने 3 लाख की सहायता की घोषणा

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय में सोमवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व चेयरमैन घुघली वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता तथा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशवमणि त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का मंत्रोच्चार, पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, बैज और मोमेंटो देकर स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती और बागापार के बच्चों ने अपनी प्रतिभा से यह साबित किया है कि परिषदीय विद्यालयों के छात्र किसी भी कॉन्वेंट स्कूल से कम नहीं हैं। उन्होंने विद्यालय में मल्टीपल शौचालय और स्मार्ट क्लास के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की। जिलाध्यक्ष केशवमणि त्रिपाठी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चे अपनी प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता ने कहा कि सफलता के लिए कड़ी मेहनत और लगन जरूरी है। खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा प्रसाद ने कहा कि शिक्षक अपने दायित्वों के बेहतर निर्वहन से विद्यालयों की तस्वीर बदल रहे हैं। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम की बेहतर तैयारी कराने के लिए शिक्षामित्र सरिता यादव को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 5 तक के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया तथा 16 जागरूक अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। पैरामाउंट एकेडमी के निदेशक दुर्गेश सिंह ने विद्यालय को दो कंप्यूटर सेट भेंट किए।वार्षिकोत्सव में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, नारी शक्ति, साक्षरता और पर्यावरण जागरूकता जैसे विषयों पर छात्रों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार मौर्य ने किया।

यह भी पढ़ें : पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन