Education

गुरुकुल पाठशाला का भव्य उद्घाटन, महराजगंज में शिक्षा के नए युग की शुरुआत

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुकुल पाठशाला का भव्य उद्घाटन समारोह आज संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे तथा कृष्ण गोपाल जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक सुरेन्द्र प्रसाद चौधरी (सूरी सर) ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुकुल पाठशाला का उद्देश्य महराजगंज के प्रतिभाशाली छात्रों को उच्चस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संस्थान केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों में तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी सोच विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन से छात्रों को मेडिकल समेत विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा मिलने से छात्रों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में संस्थान के संरक्षक गोपाल चौधरी, देवब्रत राय, सर्वजीत वरुण, आर.के. पांडेय सहित कई शिक्षाविद, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : बागापार द्वितीय प्राथमिक विद्यालय में मेधावी छात्र सम्मान समारोह व वार्षिकोत्सव संपन्न, विधायक ने 3 लाख की सहायता की घोषणा