पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस, भावुक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- स्थानीय पैरामाउंट एकेडमी में मातृ दिवस बड़े ही उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने माँ की ममता, त्याग और महत्व को समर्पित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जूही सिंह, डॉ. नेहा यादव, डॉ. अफीफा अफिया, पद्मावती मिश्रा, आशा यादव एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा सिंहानिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का बुके और बैज लगाकर स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बच्चों ने माँ पर आधारित गीत, कविताएं और नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब बच्चों ने अपनी माताओं के चरण छूकर आशीर्वाद लिया, तिलक लगाया और अपने हाथों से बने कार्ड भेंट किए। इस दृश्य को देखकर कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके साथ ही माताओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं को सम्मानित कर उपहार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथियों ने कहा कि माँ का स्थान संसार में सर्वोच्च है और संस्कारी समाज के निर्माण में माँ की भूमिका सबसे अहम होती है। प्रधानाचार्या नेहा सिंहानिया ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें : गुरुकुल पाठशाला का भव्य उद्घाटन, महराजगंज में शिक्षा के नए युग की शुरुआत