परमाउंट एकेडमी में श्रमिक दिवस पर सम्मान समारोह, छात्रों ने सहायकों को किया नमन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर दि पैरामाउंट एकेडमी में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के सहायक कर्मचारियों के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। इस मौके पर प्रार्थना सभा और सम्मान समारोह का आयोजन कर छात्रों को श्रमिकों के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य नेहा सिंघानिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय का सुचारू संचालन केवल शिक्षकों के प्रयासों से ही नहीं, बल्कि सहायक कर्मचारियों के समर्पण और परिश्रम से संभव होता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इन कर्मठ सहयोगियों के प्रति हमेशा सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखें। इस अवसर पर कक्षा 5 के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नव्या सिंघानिया, आस्था गुप्ता, हैप्पी, जयश्री, मृत्युंजय शुक्ला, आकृति, शशांक, दिव्यांश, फरहान, दिविषा, आयुष, अंशिका और अनमोल सहित कई छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने विद्यालय के सहायक कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, ड्राइवरों और माली को धन्यवाद कार्ड, उपहार और पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के संचालन में विद्यालय के हाउस कैप्टन्स और अन्य छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में श्रम के प्रति सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया गया, जो उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें : जिले की सरकारी स्कूल टॉपर बेटियां भरेंगी ऐतिहासिक उड़ान, पहली बार पहुंचेंगी श्रीहरिकोटा