Education

नवागत बीएसए सुरजीत सिंह का शिक्षक संघ ने किया भव्य स्वागत, लंबित एरियर भुगतान पर भी हुई चर्चा

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सुरजीत सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, महाराजगंज द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बीएसए को बुके, मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बीएसए सुरजीत सिंह ने सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि आपसी सहयोग एवं समन्वय के माध्यम से बेसिक शिक्षा परिवार महराजगंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं एवं विभिन्न लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा अबरार आलम से मुलाकात कर महंगाई भत्ता (डीए) के अंतर एरियर (58 प्रतिशत से 60 प्रतिशत) के शीघ्र भुगतान तथा एक दिन के वेतन कटौती के एरियर के संबंध में वार्ता की। इस पर वित्त एवं लेखाधिकारी ने बताया कि डीए एरियर से संबंधित बिल सुधार के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों को भेज दिए गए हैं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि एक दिन के वेतन कटौती सहित सभी लंबित एरियर की जांच कर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर राघवेंद्र पाण्डेय, मनौव्वर अली, अखिलेश पाठक, मनोज वर्मा, अमरेंद्र सिंह,नवीन शुक्ला, विजय यादव, , चंद्रभूषण पटेल, धीरज शाही सहित बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : स्कूल चलो रैली का भव्य शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के प्रति किया जागरूक