मीट बेचने के विवाद में चाकूबाजी, रास्ते से गुजर रहा किशोर गंभीर घायल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नगर के मिया वार्ड में सोमवार को सड़क किनारे मीट बेचने को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 17 वर्षीय किशोर चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मिया वार्ड में सड़क किनारे मीट बेच रहे दो दुकानदारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे पर आक्रोशित हो गए और चाकू निकालकर हमला करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मारवाड़ी वार्ड निवासी हरिओम अग्रवाल (17) चाकू की चपेट में आ गए। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने पर हरिओम के पिता अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना मिली है। दो लोगों को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
यह भी पढ़ें : प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर कथित अश्लील भोजपुरी गाने पर बच्चों का डांस, वीडियो चर्चा में