महामाया आईटी पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने प्रदेश में गाड़ा सफलता का झंडा, डीएम ने किया सम्मानित
पॉलीटेक्निक परीक्षा में आशुतोष प्रजापति बने यूपी टॉपर, ‘eMediCare+’ टीम ने उद्यमिता प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- महामाया आईटी पॉलिटेक्निक, महराजगंज के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के क्षेत्र में दोहरी सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। संस्थान के छात्र आशुतोष प्रजापति ने प्राविधिक शिक्षा परिषद की पॉलीटेक्निक परीक्षा (मई-जून 2026) में 86.18 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, संस्थान की पांच सदस्यीय टीम ने प्रदेश स्तरीय उद्यमिता प्रतियोगिता में अपने अभिनव बिजनेस मॉडल ‘eMediCare+’ के जरिए पहला स्थान प्राप्त किया। टीम में अनुज कुमार गुप्ता, आर्यन मद्धेशिया, नमन सिंह, नीरज कुमार और रिया गुप्ता शामिल हैं। टीम ने पहले जनपद स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया और फिर प्रदेश के 25 जनपदों की टीमों को पीछे छोड़ते हुए ₹2 लाख नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और मेडल अपने नाम किए। इस उपलब्धि में कंप्यूटर साइंस के प्रवक्ता मनीष कुमार वर्मा का विशेष मार्गदर्शन रहा। दोनों उपलब्धियों पर सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने ‘eMediCare+’ परियोजना का अवलोकन कर विद्यार्थियों से इसकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली। डीएम ने परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही शीघ्र संस्थान का भ्रमण कर परियोजना के विकास पर चर्चा करने और विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरेश कुमार, डॉ. महेंद्र सिंह, देश दीपक सिंह, सूर्य प्रताप यादव, मनीष कुमार वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रधानाचार्य ने सभी विजेता विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह भी पढ़ें : द पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, नन्हें राधा-कृष्ण ने मोह लिया सबका मन