
Maharajganj : पुलिस ने लगातार चौथी बार यूपी में हासिल किया पहला स्थान
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद ने एक बार फिर पुलिसिंग के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल की मासिक रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। जनवरी 2025 की रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और लगातार चौथी बार यह उपलब्धि अपने नाम की। यह सफलता पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में संभव हो सकी है।
शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण बना सफलता की कुंजी
आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जनता अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराती है, जिनका एक निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाता है। महराजगंज पुलिस द्वारा प्रत्येक शिकायत की गहराई से जांच कर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाता है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे शिकायतकर्ताओं से संवेदनशीलता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करें।
जनता का विश्वास बढ़ा, पुलिस की छवि हुई और मजबूत
महराजगंज पुलिस के इस प्रदर्शन के पीछे उच्चाधिकारियों की सतत निगरानी, त्वरित शिकायत निस्तारण और पारदर्शिता की नीति प्रमुख कारण रहे हैं। शासन स्तर से भी इस पूरी प्रक्रिया का कड़ा निरीक्षण किया जाता है ताकि निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके। लगातार चौथी बार यह उपलब्धि हासिल करना महराजगंज पुलिस के लिए गर्व की बात है, जिससे जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम