Maharajganj News : जिलाधिकारी का सख्त एक्शन: लापरवाह अफसरों को लगाई फटकार, विकास भवन में निरीक्षण और समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का तेवर आज यानि गुरुवार को उस समय गरम दिखा, जब उन्होंने विकास भवन का निरीक्षण कर पंचायतीराज, मनरेगा और ग्राम्य विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने लंबित प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवासों को जल्द पूर्ण कराने या फिर रिकवरी सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सभागार को समय से पूरा करने का निर्देश दिया, वहीं साफ-सफाई पर संतोष जताया। बैठक में उन्होंने 15वें वित्त, राज्य वित्त, स्वच्छ भारत मिशन समेत अन्य योजनाओं की गहन समीक्षा की। मानव दिवस सृजन लक्ष्य में लचर प्रदर्शन पर घुघली, सदर और परतावल के एडीओ को जमकर फटकार लगाई और चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्यवाही। अन्नपूर्णा भवनों को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश के साथ ग्राम पंचायतों के अनुपयोगी भवनों को जीर्णोद्धार कर उपयोगी बनाने को कहा। वृक्षारोपण अभियान को भव्य और थीम आधारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे पौधे लगाएं जिससे आय भी हो। आंगनबाड़ी कायाकल्प और सीटीयू कार्यों की जिलाधिकारी ने प्रशंसा की और इनकी फोटोग्राफी व डॉक्युमेंटेशन कराकर जिले की उपलब्धि के रूप में प्रचारित करने के आदेश दिए। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-ऑफिस की शीघ्र शुरुआत और कार्यालयों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, डीपीआरओ, परियोजना निदेशक समेत सभी बीडीओ उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 23.31% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित; यूपी-112 ने परीक्षा छूटने से बचाई अभ्यर्थी की उम्मीद