दूसरी बार नौतनवा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधायक ऋषि त्रिपाठी के घरभोज में होंगे शामिल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का शुक्रवार को नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में संभावित आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में तैयारियां तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नौतनवा विधायक Rishi Tripathi के आवास पर आयोजित घरभोज कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महाराजगंज ने थाना नौतनवा क्षेत्र के कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी मूवमेंट और जनसुविधाओं का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल और सकुशल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में यह उनका दूसरा दौरा होगा।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत