Maharajganj

महराजगंज में टावर पर चढ़ीं दो युवतियां, घंटों बाद भी नहीं उतरीं… पुलिस मनाने में जुटी

 

सरोजनी नगर में हाईवोल्टेज ड्रामा जारी, मौके पर भारी भीड़ और पुलिस प्रशासन तैनात

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: नगर पालिका परिषद महराजगंज के सरोजनी नगर वार्ड स्थित सूचना कार्यालय के समीप शुक्रवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब पंजाब की रहने वाली दो युवतियां अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों युवतियां टावर से नीचे नहीं उतरी हैं, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उन्हें समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया है। पुलिसकर्मी लगातार माइक और बातचीत के जरिए युवतियों को सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाली युवतियों की पहचान मनप्रीत कौर और सोनिया के रूप में हुई है। दोनों पंजाब प्रांत की निवासी बताई जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें से एक युवती स्थानीय आर्केस्ट्रा में डांसर के रूप में काम करती है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवती ने आर्केस्ट्रा संचालक के बेटे पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया था।आशंका जताई जा रही है कि उसी मामले को लेकर नाराजगी और विरोध स्वरूप दोनों युवतियां टावर पर चढ़ी हैं। हालांकि प्रशासन अभी पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है।सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगातार मौके पर मौजूद है और युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : महराजगंज में ईंधन संकट की भयावह तस्वीर, सड़क पर रात काट रहे किसान