Maharajganj

अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित, संरक्षण का दिलाया संकल्प

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो-: अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज अंतर्गत पकड़ी नोनिया गांव में जन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना रहा। गोष्ठी में स्थानीय वनस्पतियों, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और सतत विकास के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि जैव विविधता पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीण जीवन और अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद आवश्यक है। उपस्थित लोगों को पेड़-पौधे लगाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने जैसे सरल उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्राकृतिक संपदा का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास के जंगल, वन्यजीव और जल स्रोतों की रक्षा करें तथा नई पीढ़ी को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाएं। गोष्ठी में वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, Wildlife Trust of India के कर्मचारी, ग्राम प्रधान इन्द्रमणि वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन जैव विविधता संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

यह भी पढ़ें : लखनऊ महासम्मेलन में जाने से पहले प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट, सरकार पर लगाया अलोकतांत्रिक कार्रवाई का आरोप