इंस्टाग्राम का इश्क पहुंचा थाने: चार बच्चों की मां ने 14 साल के किशोर पर लगाया ‘दिल तोड़ने’ का आरोप
रील पर लाइक-शेयर से शुरू हुई दोस्ती प्यार तक पहुंची, नौतनवा थाने में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नौतनवा थाने में रविवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब गोरखपुर की रहने वाली चार बच्चों की मां एक 14 वर्षीय किशोर के साथ रहने की जिद लेकर थाने पहुंच गई। महिला का दावा था कि दोनों ने शादी कर ली है, लेकिन अब किशोर उससे दूरी बना रहा है। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को कई घंटे तक समझौते की कोशिश करनी पड़ी।जानकारी के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय महिला इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करती थी। नौतनवा क्षेत्र का रहने वाला किशोर उसकी रील को लगातार लाइक और शेयर करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और सोशल मीडिया की यह दोस्ती कथित प्यार में बदल गई। महिला का कहना था कि किशोर अपने पिता के साथ चेन्नई में रहता था। फरवरी में जब वह गोरखपुर आया, तब दोनों ने घर में शादी कर ली। महिला ने आरोप लगाया कि अब किशोर उससे बात नहीं कर रहा और साथ रखने से इंकार कर रहा है।महिला सीधे नौतनवा थाने पहुंच गई और किशोर पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोर और उसकी मां को थाने बुलाया। घंटों चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्ष शांत हुए।थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि आपसी बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों ने भविष्य में एक-दूसरे से संपर्क नहीं करने की बात कही, जिसके बाद महिला वापस अपने घर लौट गई।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में टावर पर चढ़ीं दो युवतियां, घंटों बाद भी नहीं उतरीं… पुलिस मनाने में जुटी