जनगणना में कटहरा शिव मंदिर को मिला 162 नंबर मकान
जिले के कुल 5067 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में से 44.80 फीसदी मकान गणना पूरी महराजगंज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद में मकान गणना के तहत सोमवार को कटहरा शिव मंदिर को 162 नंबर मकान के रूप में चिन्हित किया गया। तहसीलदार सदर पंकज शाही ने कटहरा शिव मंदिर पहुंच मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह मौजूद रहे। इस दौरान तहसीलदार पंकज शाही ने मकान गणना कार्य में जुटे कर्मियों को शत-प्रतिशत पारदर्शिता व सावधानी बरतने के कड़े निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार जिले के कुल 5067 एचएलबी में से 2270 में मकान गणना का कार्य तेजी से चल रहा है। बेहतर प्रशासनिक तालमेल के चलते अब तक जिले में कुल 44.80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। 34 एचएलबी में गणना का काम संपन्न हो चुका है। शेष 2763 एचएलबी में भी जल्द ही काम शुरू कर इसे समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। चारों तहसीलों व नगर निकायों में टीमें घर-घर पहुंचकर आधुनिक और सुव्यवस्थित तरीके से सूचनाओं का संकलन कर रही हैं। जनगणना के चार्ज अधिकारी तहसीलदार सदर पंकज शाही ने बताया कि मकान गणना जिले के सर्वांगीण विकास व सरकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने का मजबूत आधार है। हमारी टीमें पूरी सजगता व तकनीक के समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं ताकि कोई भी भवन या परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से छूटने न पाए। पारदर्शिता व गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिको ने अपील है कि वह प्रगणक के सवालों का सही जवाब बताएं। यह जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में टावर पर चढ़ीं दो युवतियां, घंटों बाद भी नहीं उतरीं… पुलिस मनाने में जुटी