Maharajganj

पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्ती के बीच भड़के किसान, गैलन में डीजल न मिलने पर घुघली-सिसवा मार्ग किया जाम

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर प्रशासन द्वारा बढ़ाई गई सख्ती का असर अब किसानों पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार को घुघली थाना क्षेत्र के घुघली-सिसवा मार्ग स्थित माँ भगवती किसान सेवा केंद्र (इंडियन ऑयल) पेट्रोल पंप पर गैलन में डीजल न दिए जाने से नाराज किसानों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के प्रदर्शन से कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। दरअसल जिले में अवैध भंडारण और डीजल-पेट्रोल के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर सख्ती बढ़ा दी है। कई पंपों पर गैलन और डिब्बों में तेल देने पर रोक या सीमित व्यवस्था लागू की गई है। इसी कार्रवाई का असर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों पर पड़ रहा है, जो सिंचाई के लिए खेतों तक डीजल पहुंचाने के लिए गैलन का इस्तेमाल करते हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि उनके खेत पेट्रोल पंप से चार से पांच किलोमीटर दूर हैं और पंप सेट तक डीजल पहुंचाने के लिए गैलन ही एकमात्र साधन है। किसानों ने आरोप लगाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गैलन में डीजल रोक देना खेती-किसानी के काम में बड़ी बाधा बन रहा है। सूचना मिलने पर घुघली नगर चौकी इंचार्ज शिवम राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। काफी देर बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

यह भी पढ़ें : भीषण गर्मी में महराजगंज पुलिस की पहल, सभी थानों पर शुरू हुआ ‘जनता प्याऊ