महराजगंज को मिले नए बीएसए, सुरजीत सिंह ने संभाला कार्यभार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रिद्धि पांडेय के तबादले के बाद मंगलवार को सुरजीत सिंह ने नए बीएसए के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण के अवसर पर निवर्तमान बीएसए रिद्धि पांडेय ने सुरजीत सिंह को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। नवनियुक्त बीएसए सुरजीत सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनपद में बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, विद्यालयों में शैक्षिक माहौल को मजबूत करना तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही। वहीं, रिद्धि पांडेय के कार्यकाल में संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नए बीएसए के पदभार ग्रहण के साथ ही जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग में नई कार्यशैली और शिक्षा सुधार की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्ती के बीच भड़के किसान, गैलन में डीजल न मिलने पर घुघली-सिसवा मार्ग किया जाम