Maharajganj

घरेलू विवाद के बाद महिला ने जंगल में दी जान, पेड़ से लटका मिला शव

 

पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी बनी मौत की वजह, पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- चौक थाना क्षेत्र के धरमौली टोला डूमरभार में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद महिला घर से निकल गई थी और अगले दिन उसका शव गांव के सामने स्थित जंगल में पेड़ से लटका मिला।जानकारी के अनुसार फूलमती देवी (पत्नी इंद्रजीत) निवासी धरमौली टोला डूमरभार का बुधवार शाम खाना बनाने समेत अन्य घरेलू बातों को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। परिजनों के मुताबिक विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से चली गई थीं। गुरुवार सुबह गांव के सामने नाथनगर बीट जंगल में उनका शव साड़ी के फंदे से पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा चौक पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतका के ससुर की तहरीर के आधार पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : महराजगंज को मिले नए बीएसए, सुरजीत सिंह ने संभाला कार्यभार