मां के नाम लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएचसी घुघली में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम, लोगों को हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घुघली परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता निहाल सिंह ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बिक्रम सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौरसिया, दयानन्द यादव, तेज बहादुर पटेल, प्रतीक सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें : घरेलू विवाद के बाद महिला ने जंगल में दी जान, पेड़ से लटका मिला शव