लखनऊ त्रासदी के बाद जागा प्रशासन, जिलेभर में चला सुरक्षा महाअभियान; 3 संस्थान सील, 15 को नोटिस
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलेभर में विशेष सुरक्षा महाअभियान चलाया गया। इस दौरान कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरियों, कंप्यूटर सेंटरों और अस्पतालों समेत 32 संस्थानों की जांच की गई। सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर 15 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा स्थानीय निकायों की संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, फायर एग्जिट, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत वायरिंग, वेंटिलेशन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। नौतनवा, फरेंदा, सदर और निचलौल क्षेत्र के कई शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास मार्गों में अव्यवस्था तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों को निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों और मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें : गोसदन में दो गौवंशों की मौत से भड़का आक्रोश, कार्रवाई की मांग पर अड़े कार्यकर्ता