सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज का डबल धमाका, जिला प्रदेश में चौथे तो पुलिस ने हासिल किया 8वां स्थान
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल की मॉनिटरिंग और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व का दिखा असर, मंडल में प्रशासन व पुलिस दोनों का शानदार प्रदर्शन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- मुख्यमंत्री (सीएम) डैशबोर्ड की जून-2026 रैंकिंग में महराजगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन और पुलिस—दोनों मोर्चों पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले को राजस्व एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर पूरे प्रदेश में चौथा और गोरखपुर मंडल में पहला स्थान मिला है। वहीं महराजगंज पुलिस ने 79.20 प्रतिशत अंकों के साथ गोरखपुर रेंज में पहला और प्रदेश में आठवां स्थान हासिल कर जिले की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है।।सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग के अनुसार जनपद की राजस्व की 62 परियोजनाओं में 39 तथा विकास की 84 परियोजनाओं में 55 योजनाओं को 'ए' ग्रेड प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले माह महराजगंज प्रदेश में 10वें स्थान पर था, जबकि इस बार छह पायदान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गया। इस सफलता के पीछे जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की लगातार समीक्षा बैठकों और कमजोर प्रदर्शन वाली योजनाओं की जवाबदेही तय करने की रणनीति को अहम माना जा रहा है। डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा और पोर्टल पर शत-प्रतिशत सही डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। बेहतर प्रदर्शन पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सहित सभी संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि लक्ष्य केवल रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि जनसेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है।वहीं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के नेतृत्व में महराजगंज पुलिस ने जनसुनवाई, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पीआरवी रिस्पांस टाइम, महिला सुरक्षा, एनडीपीएस व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, चरित्र प्रमाण-पत्रों के समयबद्ध निर्गमन, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण समेत 30 प्रमुख मानकों पर A+ रैंकिंग हासिल की। एसपी ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी पुलिस टीम की मेहनत और जनसेवा के प्रति समर्पण को देते हुए भविष्य में भी बेहतर पुलिसिंग बनाए रखने की बात कही। कुल मिलाकर, सीएम डैशबोर्ड की ताजा रैंकिंग ने यह संकेत दिया है कि महराजगंज प्रशासन और पुलिस दोनों ही शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें : वन महोत्सव के तहत निचलौल में जागरूकता रैली, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण