तीन माह में सभी पात्र वंचितों के बनेंगे राशन कार्ड, 12 अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि अगले तीन माह के भीतर जिले के सभी पात्र लेकिन वंचित परिवारों की पहचान कर उनके राशन कार्ड बनाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे।जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में बुधवार को आयोजित लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी तथा खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में 12 अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण किया गया। साथ ही 20 नवपात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए गए और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के 10 किसानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश के करीब 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है और किसानों से एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीन माह के भीतर सभी पात्र वंचित परिवारों के राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उचित दर विक्रेता और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : एनसीसी कैडेट्स ने वेस्ट मटेरियल से बनाए पेपर बैग, प्लास्टिक मुक्त भारत का दिया संदेश