अखिलेश की गिरफ्तारी पर महराजगंज में सपा का हल्ला बोल, मेन चौराहे पर शक्ति प्रदर्शन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दिल्ली में गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को देर शाम महराजगंज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहर के मेन चौराहे पर जुटे और धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग की गई। धरने का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव और पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल, श्रवण पटेल, प्रणव गौर, सतीश बोनी शेख, नौशाद आलम, आकाश पटेल, दिलीप शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में धरना दे रहे युवाओं का समर्थन करने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सरकार ने गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है और समाजवादी पार्टी इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया जाता, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कई नेताओं ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें : रोटरी क्लब महाराजगंज के नवें पदस्थापन समारोह में नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, सेवा और समर्पण का लिया संकल्प