अब कैमरा पढ़ेगा नंबर प्लेट, नियम तोड़ते ही घर पहुंचेगा ई-चालान; महराजगंज में 15 चौराहों पर हाईटेक निगरानी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में यातायात व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। करीब 48 लाख रुपये की लागत से 15 प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अत्याधुनिक ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) और PTZ कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरे सक्रिय होते ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का ऑनलाइन ई-चालान स्वतः जारी हो जाएगा। महराजगंज में स्मार्ट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम के तहत प्रमुख चौराहों पर हाईटेक कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत सोनौली के कुनसेरवा तिराहा, ठूठीबारी थाना तिराहा, कोतवाली क्षेत्र के महुअवा चौक और उद्योग चौराहा, भिटौली के शिकारपुर तिराहा तथा निचलौल तिराहा समेत कई स्थानों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं। शेष चिन्हित स्थानों पर भी तेजी से कार्य जारी है। इन ANPR कैमरों के जरिए वाहनों की नंबर प्लेट स्वतः स्कैन होगी। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, रेड लाइट जंप करने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी के नाम ऑनलाइन ई-चालान जारी किया जाएगा। कैमरे 24 घंटे कार्य करेंगे और वाहन का नंबर, समय व स्थान का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखेंगे। पूरे सिस्टम की निगरानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से होगी, जहां पुलिसकर्मी 12-12 घंटे की शिफ्ट में तैनात रहेंगे। यातायात निरीक्षक अनुरुद्ध सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होगी और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि कैमरे लगने से यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, हेलमेट व अन्य नियमों के पालन में बढ़ोतरी होगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और अपराध नियंत्रण में भी पुलिस को प्रभावी सहायता मिलेगी।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई, छह कारोबारियों पर 4.60 लाख रुपये का जुर्माना