Maharajganj

महराजगंज में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नेपाल में अवैध आपूर्ति के मिले सुराग, दो करोड़ नकद बरामद

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार को तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई से जिले के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में नेपाल में अवैध तरीके से आपूर्ति किए जाने के अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है। छापेमारी के दौरान करीब दो करोड़ रुपये नकद, बड़ी संख्या में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए हैं। फिलहाल आयकर विभाग की जांच लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने गोरखपुर-सोनौली हाईवे स्थित हिंदुस्तान फ्लोर इंडस्ट्रीज, लक्ष्मीपुर, हिंदुस्तान इंडस्ट्रीज, परसौनी तथा शंकर राइस मिल, संपत्तिहा पर एक साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने कई घंटों तक प्रतिष्ठानों में मौजूद अभिलेखों, कंप्यूटर, डिजिटल डाटा और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में संबंधित प्रतिष्ठानों से नेपाल में कथित अवैध आपूर्ति के प्रमाण मिले हैं। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है, जिससे वित्तीय लेनदेन, कर देनदारियों और संभावित कर चोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा सके। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई पिछले लगभग 15 घंटे से लगातार जारी है और सभी बरामद साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग ने मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन इस कार्रवाई को जिले की हाल के वर्षों की सबसे बड़ी आयकर छापेमार कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : नेपाल-भारत मैत्री क्रिकेट में भारतीय पत्रकारों का जलवा, महाराजगंज प्रेस क्लब बना चैंपियन