Maharajganj

निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूमों की मौत, गांव में मचा कोहराम

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोठीभार थाना क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड नंबर-25 स्थित पोखरा टोला में रविवार को दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार पोखरा टोला निवासी राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद राजबीर किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद बच्चों को पोखरे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के समय मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

यह भी पढ़ें : महराजगंज में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नेपाल में अवैध आपूर्ति के मिले सुराग, दो करोड़ नकद बरामद