निर्माणाधीन पोखरा बना काल, तीन मासूमों की मौत के बाद डीएम का बड़ा एक्शन; निर्माण कंपनी पर एफआईआर के आदेश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-25, मीराबाई नगर के पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित करने का भी आदेश दिया गया है। रविवार को राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। राजबीर ने बाहर निकलकर परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों, गोताखोरों और पुलिस की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सीएचसी सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे में सुरक्षित बचे राजबीर से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना तथा अस्पताल प्रशासन को उसकी काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा इंतजामों में भारी लापरवाही मिलने पर डीएम ने निर्माण कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में बच्चों को निर्माणाधीन और गहरे जलाशयों के आसपास बिना निगरानी न जाने दें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, नेपाल में अवैध आपूर्ति के मिले सुराग, दो करोड़ नकद बरामद