महराजगंज में बड़ा हादसा टला: 35 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी से भरे गड्ढे में पलटी, पुलिस-ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित निकाला
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- चौक थाना क्षेत्र के पड़री कला गांव के पास सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30-35 लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और ट्रॉली में सवार सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग थाना चौक क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया गुरु गोविंद राय के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग ठूठीबारी थाना क्षेत्र स्थित ईटहिया मेले में दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़री कला गांव के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही चौक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए ट्रॉली में फंसे सभी लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक लड़की घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी जगदौर भेजा गया। पुलिस के अनुसार किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात भी सामान्य है। पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें : निर्माणाधीन पोखरा बना काल, तीन मासूमों की मौत के बाद डीएम का बड़ा एक्शन; निर्माण कंपनी पर एफआईआर के आदेश