Maharajganj

वन स्टॉप सेंटर से फरार 17 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, ड्यूटी में लापरवाही पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित

 

नित्य क्रिया के बहाने सेंटर से निकली किशोरी, पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने कुछ ही घंटों में किया बरामद

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- वन स्टॉप सेंटर से 17 वर्षीय किशोरी के फरार होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। मामले में थाना कोतवाली महराजगंज में किशोरी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बृजमनगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 13 जुलाई को अपनी 17 वर्षीय बेटी के घर से लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने 14 अगस्त को किशोरी को सिद्धार्थनगर जिले के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया। आवश्यक चिकित्सीय और विधिक कार्रवाई के बाद किशोरी को नियमानुसार महराजगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया था। शनिवार को किशोरी नित्य क्रिया करने के बहाने सेंटर से बाहर निकली और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम सक्रिय हो गई। थाना बृजमनगंज पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए किशोरी की तलाश शुरू की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे नियमानुसार पुलिस की निगरानी में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की गई। लापरवाही सामने आने पर दो महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें : स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले में सघन चेकिंग, स्टेशन-होटल से बाजार तक पुलिस की नजर