Maharajganj

वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण: किशोरी फरारी के बाद डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा, ऊपरी तल पर जाली लगाने के निर्देश

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :-  वन स्टॉप सेंटर से 17 वर्षीय किशोरी के फरार होने और बाद में सकुशल बरामद होने के मामले के बीच मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सेंटर का औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब 1:40 बजे पहुंचे डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और सेंटर में रह रही महिलाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दरअसल, बृजमनगंज थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी के घर से लापता होने के मामले में पुलिस ने 14 अगस्त को उसे सिद्धार्थनगर के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया था। आवश्यक चिकित्सीय और विधिक कार्रवाई के बाद किशोरी को महराजगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया था। इसके बाद नित्य क्रिया के बहाने किशोरी सेंटर से बाहर निकली और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सेंटर की टीम ने तलाश शुरू की और किशोरी को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। प्रकरण में थाना कोतवाली महराजगंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा की दृष्टि से वन स्टॉप सेंटर के ऊपरी तल पर जाली लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान मुस्तैद रहने और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि सेंटर में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय, केंद्र प्रशासक ऋचा मिश्रा, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता प्रियंका सिंह समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : विज़न एकेडमी में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह